सूरजकुंड मेले में हुई दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक : नायब सैनी

हादसे पर मुख्यमंत्री की घोषणाएं, पीडि़त परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा

फरीदाबाद। फरीदाबाद के सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में झूला टूटने से हुए दुखद हादसे पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र से घटना पर तुरंत संज्ञान लेते हुए मृतक एवं घायलों के लिए राहत और सहायता संबंधी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सूरजकुंड मेले में हुई दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। हादसे में शहीद हुए पुलिसकर्मी इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में शहीद के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि शहीद इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की तैनाती पलवल के थाना चांदहट में थी। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि शहीद पुलिसकर्मी के परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनके परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी, ताकि परिवार को भविष्य में किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने घायलों के स्वास्थ्य की स्थिति की समीक्षा करते हुए जानकारी दी कि सुप्रीम अस्पताल में भर्ती आठ घायलों में से चार मरीजों को उपचार के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है, जबकि शेष चार का इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। इसके अतिरिक्त बीके सिविल अस्पताल में भर्ती चार घायलों को भी उपचार उपरांत छुट्टी दे दी गई है। उन्होंने घोषणा की कि गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को राज्य सरकार की ओर से एक-एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही अन्य घायलों को भी नियमानुसार सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मेले और अन्य सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा मानकों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए। सभी झूलों व उपकरणों की तकनीकी जांच, फिटनेस प्रमाणन और संचालन व्यवस्था की व्यापक समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राज्य सरकार पीडि़त परिवारों और घायलों को हर संभव सहयोग और सहायता उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.