डीसी आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में रेडक्रास सोसायटी की सराहनीय पहल :  16 व्हीलचेयर वॉलिंटियर्स तैनात, सीनियर सिटीजन व दिव्यांगों को करायेंगे मेले का भ्रमण 

सूरजकुंड (फरीदाबाद) । डीसी एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में 39 वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव में सीनियर सिटीजन और दिव्यांगजनों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मेला प्रशासन द्वारा मेले के सभी चारों गेटों पर व्हीलचेयर की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को मेले का आनंद लेने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
 मेला में 16 व्हीलचेयर और पर्याप्त वॉलिंटियर्स तैनात : जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव बिजेन्द्र सरोत ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 फरवरी तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय शिल्प महोत्सव के दौरान मेले के चारों गेटों पर कुल 16 व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही, सहायता के लिए प्रशिक्षित रेडक्रॉस वॉलिंटियर्स की ड्यूटी लगाई गई है, जो सीनियर सिटीजन और दिव्यांगजनों को मेले का भ्रमण कराने में सहयोग कर रहे हैं।
सीनियर सिटीजन और दिव्यांग सेवा समावेशी और संवेदनशील प्रशासन की मिसाल :
 सचिव ने बताया कि यह पहल प्रशासन की समावेशी सोच और सामाजिक संवेदनशीलता को दर्शाती है। मेला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि हर आगंतुक चाहे वह बुजुर्ग हो या दिव्यांग सहज, सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से मेले का आनंद ले सके।
 लगभग  50 देशों के 700 से अधिक प्रतिनिधि ले रहे भाग : उल्लेखनीय है कि सरकार व जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक वर्ष सूरजकुंड में अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष आयोजित 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव में 50 देशों के लगभग 700 से अधिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं, जो इसे वैश्विक सांस्कृतिक मंच बनाता है।
डीसी ने लोगों से मेले में आने की अपील की :
 डीसी आयुष सिन्हा ने जिला फरीदाबाद सहित देश-प्रदेश के लोगों से सूरजकुंड शिल्प महोत्सव 2026 में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अंतरराष्ट्रीय शिल्प, कला एवं संस्कृति का अनुभव लेने के लिए प्रेरित किया है।
You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.