अरुण ग्रोवर हरियाणा इंडस्ट्री लेबर-फ्रेंडली काउंसिल में सदस्य मनोनीत, हरियाणा सरकार ने किया नियुक्त

पंचकूला। हरियाणा सरकार द्वारा गठित हरियाणा इंडस्ट्री लेबर-फ्रेंडली काउंसिल में उद्योग प्रतिनिधियों की सहभागिता को एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसी क्रम में काउंसिल के सदस्य के रूप में नामित किए जाने पर उद्योग जगत से जुड़े अरुण ग्रोवर ने माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज जी के प्रति आभार व्यक्त किया है।

ग्रोवर ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें इस दायित्व के योग्य समझकर जिम्मेदारी सौंपना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे अपने अनुभव, ज्ञान और संसाधनों के माध्यम से हरियाणा के उद्योगों एवं श्रमिकों के हित में निरंतर कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उद्योग और श्रम के बीच संतुलन स्थापित करना अत्यंत आवश्यक है। हरियाणा सरकार की श्रम-अनुकूल नीतियाँ न केवल औद्योगिक विकास को गति दे रही हैं, बल्कि श्रमिकों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान को भी सुदृढ़ कर रही हैं। ऐसे में काउंसिल की भूमिका सेतु के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में वे हरियाणा की औद्योगिक इकाइयों, श्रमिक संगठनों, विभिन्न उद्योग संघों, ट्रेड यूनियनों, समाजसेवी संस्थाओं तथा श्रम विभाग से जुड़े सभी पक्षों के साथ समन्वय स्थापित करने की दिशा में कार्य करेंगे। उनका उद्देश्य सभी हितधारकों को एक साझा मंच पर लाकर संवाद, सहयोग और विश्वास की संस्कृति को मजबूत करना है, ताकि लेबर वेलफेयर से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक प्रयास किए जा सकें। ग्रोवर ने स्पष्ट किया कि वे उद्योग और श्रमिकों के हित में सभी संबंधित संगठनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते रहेंगे और व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

ग्रोवर ने यह भी कहा कि वे सरकार के विज़न के अनुरूप उद्योगों की समस्याओं, श्रमिक कल्याण, रोजगार सृजन तथा औद्योगिक सौहार्द से जुड़े विषयों पर सकारात्मक और व्यावहारिक सुझाव देने का हरसंभव प्रयास करेंगे, ताकि हरियाणा को एक मॉडल इंडस्ट्रियल एवं लेबर-फ्रेंडली राज्य के रूप में और सशक्त बनाया जा सके।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व तथा श्रम मंत्री श्री अनिल विज जी के मार्गदर्शन में हरियाणा उद्योग और श्रमिकों के लिए विकास, विश्वास और संवाद का नया अध्याय लिखेगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.