दोस्त की बहन से छेड़छाड़ विवाद में युवक की चाकू से गोदकर हत्या
फरीदाबाद। दोस्त की बहन से छेड़छाड़ करने वालों को धमकाने पर हमलावरों ने युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक के शरीर पर चाकू के वार करने के सात निशान मिले है। वहीं मृतक की पहचान गिरदावर कॉलोनी निवासी जय सिंह (30) के रूप में हुई है। वह टैक्सी ड्राइवर था। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। इनमें एक मुस्लिम युवक भी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह के अनुसार जय सिंह सोमवार की देर शाम अपने घर के पास खड़ा था।
इसी दौरान उसका दोस्त सोनू वहां पहुंचा और बताया कि पास के खाली ग्राउंड में खड़े दो-तीन युवक उसकी बहन के साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं। इस पर जय सिंह, सोनू और एक अन्य सौरभ तीनों ग्राउंड में पहुंचे और वहां मौजूद युवकों से इस हरकत का विरोध किया। जय सिंह ने सख्त लहजे में युवकों को धमकाया, जिसके बाद वे वहां से चले गए। पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, कुछ समय बाद जय सिंह और सौरभ उसी ग्राउंड में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान छेड़छाड़ की बात पर धमकाकर भागए गए सोनू खान, तुषार और उनके अन्य साथी वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने जय सिंह से बहस शुरू कर दी। विवाद बढऩे पर झगड़ा हो गया। इसी दौरान सोनू खान ने अपने साथ लाए चाकू से जय सिंह पर कई वार कर दिए। इसमें जय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गंभीर रूप से घायल जय सिंह को उसके दोस्त तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि जय सिंह पर चाकू से ताबड़तोड़ सात वार किए गए थे। गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गए। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह के अनुसार संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मुख्य आरोपी सौरभ समेत अन्य संदिग्धों की तलाश के लिए पुलिस की टीम सक्रिय हो गई है। आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
