वाणिज्य मात्रा में 35 किलोग्राम गांजा बरामद; पलवल और नोएडा में की जानी थी सप्लाई

फरीदाबाद। ओडिशा से ट्रेन के जरिए फरीदाबाद गांजा तस्करी के लिए आए छह तस्करों को अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने पकडऩे में सफलता हासिल की है। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल है। पकड़े गए तस्करों से 35 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि ओडिशा से गांजा लेकर ट्रेन के जरिए फरीदाबाद पहुंचे थे और इसकी सप्लाई पलवल तथा नोएडा में की जानी थी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति ओडिशा से गांजा लेकर ट्रेन के माध्यम से फरीदाबाद पहुंचने वाले हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई और रेलवे स्टेशन रोड़ पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने तीन महिलाओं सहित छह संदिग्धों को काबू किया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद तीन बैग से करीब 35 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद निवासी (उत्तर प्रदेश), वीरेंद्र और बलजीत निवासी पलवल के रूप में हुई है। इनके अलावा उत्तर प्रदेश की ही रहने वाली तीन महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि विनोद इस तस्करी नेटवर्क का मास्टरमाइंड है। वह तीन महिलाओं के साथ ओडिशा से गांजा लेकर ट्रेन के माध्यम से आया था। गांजे की खेप को पलवल और नोएडा में सप्लाई करने की योजना थी। इसके लिए विनोद ने अपने ममेरे भाई वीरेंद्र को ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर गांजा लेने के लिए बुलाया था। वीरेंद्र अपने साथी बलजीत के साथ स्टेशन पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत वीरेंद्र और बलजीत को गांजे की खेप पलवल में सप्लाई करनी थी, जबकि विनोद और उसके साथ आई तीनों महिलाओं को गांजा लेकर नोएडा जाना था।  पुलिस आरोपियों का रिमांड के दौरान गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क, नशीले पदार्थ की खरीद के स्रोत, सप्लाई से जुड़े अन्य व्यक्तियों तथा इस कारोबार में उनकी भूमिका के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.