फरीदाबाद के 46 वार्डों में सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए बनेंगी 15 सदस्यीय कमेटियां
- सभी वार्डों में नोडल अधिकारी नियुक्त, जीवीपी और कूड़ा उठान की होगी नियमित निगरानी
फरीदाबाद। नगर निगम की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी 46 वार्डों में 15 सदस्यीय कमेटियों का गठन करेगा। नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह के निर्देशों पर अतिरिक्त आयुक्त परमजीत चहल और निगम सलाहकार इंद्रजीत कुलेरिया ने सफाई निरीक्षकों, वेंडर्स और मास्टर ट्रेनर्स के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कमेटियों का गठन 15 अक्टूबर तक करने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त आयुक्त परमजीत चहल ने बताया कि सभी वार्डों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक वार्ड की कमेटी में सेवानिवृत्त व्यक्तियों, गैर-सरकारी संगठनों और आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। संबंधित वार्ड के सफाई निरीक्षक और जेई कमेटी के सदस्यों का चयन करेंगे। कमेटियां सफाई संबंधी समस्याओं की जानकारी नोडल अधिकारियों को देंगी, ताकि उनका शीघ्र समाधान किया जा सके।
अधिकारियों को प्रत्येक वार्ड में कूड़ा संवेदनशील स्थान, खत्तों और सेकेंडरी कूड़ा प्वाइंट सहित कचरा एकत्रित होने वाले सभी स्थानों को चिन्हित कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इन स्थानों की नियमित निगरानी होगी, ताकि दोबारा कूड़ा जमा होने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। नोडल अधिकारी सफाई कर्मचारियों की हाजिरी जांचने के साथ मौके पर जाकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे। बैठक में स्लम, रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्रों का आंकड़ा तैयार करने तथा प्रत्येक वार्ड में कबाड़ एकत्रित करने वालों की सूची बनाने के निर्देश भी दिए गए, जिससे कूड़ा उठान और सूखे कचरे के प्रबंधन की बेहतर योजना बनाई जा सके।
निगम सलाहकार इंद्रजीत कुलेरिया ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नियमित निगरानी, नागरिकों की सहभागिता और अधिकारियों की जवाबदेही मजबूत की जाएगी। उन्होंने निगम के नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
