सेक्टर-3 में सरकारी जमीन से हटाया अवैध डेयरी का कब्जा, नगर निगम ने की तोड़फोड़
फरीदाबाद। नगर निगम की ओर से सरकारी जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को सेक्टर-3 में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से संचालित डेयरी को हटाकर जमीन कब्जा मुक्त कराई गई। नगर निगम के तोड़फोड़ दस्ते ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति सरकारी जमीन पर बिना अनुमति डेयरी चला रहा था। आरोप है कि डेयरी संचालक गोवंश को चारा खिलाने के बहाने उनका दूध निकालता था और बाद में पशुओं को खुले में छोड़ देता था। इसके कारण क्षेत्र में गोवंश का जमावड़ा लगा रहता था, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी और स्थानीय व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह के दिशा-निर्देशों तथा संबंधित जॉइंट कमिश्नर करण सिंह के मार्गदर्शन में तोड़फोड़ विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध डेयरी का कब्जा हटाया।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर बिना अनुमति कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। निगम की ओर से रिहायशी क्षेत्रों में डेयरी संचालित करने वालों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी डेयरी और पशुओं को स्वयं हटा लें। साथ ही, पशुओं का अपशिष्ट सीवर में न डालने की हिदायत दी गई है। निगम अधिकारियों के अनुसार, पशु अपशिष्ट सीवर में डालने से सीवर जाम होने की समस्या पैदा होती है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित डेयरी संचालकों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
