शहीद गुलाब सिंह सैनी के नाम से होगा सेक्टर-64 के चौक का नामकरण, स्थापित होगी प्रतिमा : मूलचंद शर्मा

बल्लभगढ़। सेक्टर-64 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से ऊंचा गांव स्थित शिव सैनी धर्मशाला के पास बनाए जा रहे चौक का नामकरण शहीद गुलाब सिंह सैनी के नाम पर किया जाएगा। चौक पर उनकी प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा ने ऊंचा गांव के निवासियों से किया अपना वायदा पूरा करने की दिशा में पहल की है। स्थानीय लोगों ने इस निर्णय पर उनका आभार जताया।
मूलचंद शर्मा ने कहा कि शहीद गुलाब सिंह सैनी ने राजा नाहर सिंह के साथ अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया और देश की आजादी के लिए बलिदान दिया। चौक का नामकरण और प्रतिमा की स्थापना से नई पीढ़ी को उनके शौर्य, साहस और देशभक्ति की प्रेरणा मिलेगी।

1857 के स्वतंत्रता संग्राम में निभाई अहम भूमिका
शहीद गुलाब सिंह सैनी बल्लभगढ़ रियासत के राजा नाहर सिंह के प्रमुख सेनापति और सलाहकार थे। उनका जन्म बल्लभगढ़ के एक किसान परिवार में हुआ था। अपनी वीरता और युद्ध कौशल के कारण उन्होंने रियासत की सेना में महत्वपूर्ण स्थान हासिल किया। वर्ष 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में उन्होंने राजा नाहर सिंह के साथ अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया। दिल्ली पर अंग्रेजों का दोबारा अधिकार होने के बाद राजा नाहर सिंह और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया। ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार, 9 जनवरी 1858 को राजा नाहर सिंह के साथ गुलाब सिंह सैनी को भी दिल्ली में फांसी दी गई थी।

स्थानीय लोगों ने किया स्वागत
चौक का नामकरण और प्रतिमा स्थापित करने की पहल का स्वागत करने वालों में टिपरचंद शर्मा, पूर्व चेयरमैन महावीर सैनी, पार्षद योगेश शर्मा, चनम सैनी, धर्मेंद्र सैनी, पवन सैनी, सुनील सैनी, हरिकिशन एडवोकेट, अमित सैनी, केहर सिंह सैनी, हरिराम सैनी, लक्ष्मण सैनी, बंसी सैनी, प्रदीप सैनी और सुनील सैनी एडवोकेट सहित अन्य स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.