दूसरे नवरात्रि पर महारानी वैष्णो देवी मंदिर में हुई मां ब्रह्मचारिणी की भव्य पूजा

फरीदाबाद । शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन महारानी वैष्णो देवी मंदिर में मां ब्रह्मचारिणी की भव्य पूजा अर्चना की गई। मंदिर में सुबह से ही भक्तों का ताता लगा शुरू हो गया। मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने प्रात कालीन आरती का शुभारंभ करवाया तथा हवन यज्ञ का आयोजन करवा कर श्रद्धालुओं को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दी। इस शुभ अवसर पर मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं ने मां ब्रह्मचारिणी की पूजा अर्चना में शामिल होकर अपनी अरदास लगाई।
मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने माता ब्रह्मचारिणी की महिमा का बखान करते हुए कहा कि ये मां दुर्गा का अविवाहित रूप है। माता ब्रह्मचारिणी श्वेत वस्त्र धारण करती हैं। उनके दाहिने हाथ में जप माला और बाएं हाथ में कमंडल है। देवी दुर्गा का यह स्वरूप अत्यंत ज्योतिर्मय है। कहते हैं माता के इस रूप की उपासना करने से जीवन के सभी कष्टों का निवारण हो जाता है। माता को मिश्री व शक्कर, सफेद मिठाई और गन्ने के रस का भोग अत्यंत प्रिय है।
श्री भाटिया ने बताया कि मां ब्रह्मचारिणी की सच्चे मन से श्रद्धापूर्वक पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है. जो भी श्रद्धालु माता रानी के समक्ष अपनी अरदास लगाता है वह अवश्य पूर्ण होती है। इस शुभ अवसर पर मंदिर में उद्योगपति आरके जैन, राहुल धीरज रोहित सुभाष विकास और अमित ने हवन यज्ञ में श्रद्धा पूर्वक शामिल होकर माता रानी के दरबार में अपनी हाजिरी लगाई।
प्रधान जगदीश भाटिया ने सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण करवाया और माता रानी से कामना की कि जो भी भक्त उनके दरबार में हाजिरी लगाए। उसकी मनोकामना जरूर पूर्ण हो। श्री भाटिया ने बताया कि मंदिर संस्थान में प्रतिदिन हवन यज्ञ और लंगर का आयोजन किया जाता है। सभी श्रद्धालु बढ़-चढ़कर माता रानी की पूजा अर्चना और हवन यज्ञ में शामिल हो। उन्होंने कहा कि वह अपने प्रदेश और देश की सुख शांति और समृद्धि के लिए माता रानी के समक्ष प्रतिदिन अरदास लगाते हैं।
You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.