15 नोटिसों के बाद भी नहीं हटाए अवैध निर्माण, एफएमडीए ने चला दिया बुलडोजर

फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी के सौंदर्यीकरण में बाधा बन रहे भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। बड़खल झील चौक स्थित ग्रीन बेल्ट पर लंबे समय से जमाए गए अवैध कब्जों को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया गया।

एफएमडीए के एक्सईएन देवेंद्र भड़ाना ने बताया कि ग्रीन बेल्ट की जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से बिल्डिंग मटेरियल, भूसा, अस्थायी खोखे और रेहड़ी-पटरी लगाकर कब्जा कर रखा था। विभाग द्वारा इन अतिक्रमणकारियों को एक-दो बार नहीं, बल्कि 15 बार लिखित और मौखिक नोटिस जारी किए गए थे। बार-बार दी गई मोहलत के बावजूद जब कब्जा नहीं हटाया गया, तो विभाग को मजबूरन बुलडोजर चलाना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार, इन अवैध कब्जों के कारण न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा था, बल्कि ग्रीन बेल्ट का मूल स्वरूप भी बिगड़ चुका था।

सड़क किनारे रखे बिल्डिंग मटेरियल और गंदगी से क्षेत्र का सौंदर्य प्रभावित हो रहा था। कार्रवाई के दौरान विभागीय कर्मचारियों ने मौके से सारा सामान हटवाकर जमीन को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया।
एफएमडीए ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर की ग्रीन बेल्ट पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग की योजना है कि इस मुक्त कराई गई जमीन पर जल्द ही सघन पौधारोपण किया जाए, ताकि बड़खल क्षेत्र को दोबारा हरा-भरा और सुंदर बनाया जा सके। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में यदि दोबारा कब्जा करने की कोशिश की गई, तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.