एमसीएफ ने 4 दिन में 61 बकाया धारकों की संपत्तियों पर जड़े ताले

29 लाख 31 हजार की राशि निगम खाते में कराई जमा: अतिरिक्त आयुक्त

फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद द्वारा बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली के लिए चलाया जा रहा मेगा सीलिंग ड्राइव लगातार जारी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशों एवं निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में निगम की टीमें डिफॉल्टरों के खिलाफ सख्त कार्यवाही कर रही हैं।
अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 से 15 दिसंबर तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 61 संपत्तियों को सील करने की कार्यवाही की गई है। उन्होंने बताया कि यह कार्यवाही उन संपत्ति धारकों के विरुद्ध की गई है, जिनके ऊपर एक लाख रुपये से अधिक का टैक्स बकाया है और जिन्हें विभाग द्वारा पहले ही नोटिस दिए जा चुके थे।
निगम की इस सख्ती का असर रिकवरी पर भी देखने को मिला है। अभियान के दौरान विभिन्न जोन से लगभग 29 लाख 31 हजार रुपये की बकाया राशि मौके पर ही या कार्यालय के माध्यम से निगम खाते में जमा कराई गई है। निगम की टीमों ने एनआईटी, ओल्ड फरीदाबाद और बल्लभगढ़ जोन में निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार यह कार्यवाही सुनिश्चित की।
सलोनी शर्मा ने स्पष्ट किया कि नगर निगम शहर को व्यवस्थित करने और राजस्व की स्थिति सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने संपत्ति मालिकों से अपील करते हुए कहा कि वे सीलिंग और अन्य दंडात्मक कार्यवाही से बचने के लिए समय रहते अपने बकाया करों का भुगतान करें। निगम का यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.