अवैध कनेक्शनों पर निगम की सख्ती, अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा के निर्देश पर जल्द लगेंगे कैंप

फरीदाबाद। नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने निगम क्षेत्र में पानी और सीवर कनेक्शन से संबंधित मामलों को लेकर सभी जोन के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में क्षेत्रीय और कर अधिकारी, कार्यकारी अभियंता, एसडीओ और सभी जोन के पानी कनेक्शन इंस्पेक्टर उपस्थित रहे।

अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित और अवैध पानी व सीवर कनेक्शनों को नियमित (वैध) बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने बताया कि निगम जल्द ही शहर के विभिन्न हिस्सों में कैंप (शिविर) आयोजित करेगा। इन शिविरों में नागरिक अपने लंबित या अवैध कनेक्शन वैध करवा सकेंगे। यह व्यवस्था नागरिकों को पानी का बिल जमा करने, नया कनेक्शन लेने और अन्य पानी संबंधी सेवाओं में किसी भी तरह की परेशानी से बचाएगी।

सलोनी शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी रिपोर्ट समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से तैयार की जाए और सुनिश्चित किया जाए कि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक यह सुविधा पहुंच सके। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि जो लोग अपने सीवर और पानी के कनेक्शन निगम द्वारा वैध नहीं करवा चुके हैं, वे अपने नजदीकी निगम कार्यालय में जाकर कनेक्शन वैध कराएं। इससे निगम की कार्रवाई से बचने में मदद मिलेगी और सेवाएं सुचारू रूप से मिलेंगी। उन्होंने कहा कि निगम की प्राथमिकता है कि नागरिकों को सुविधाजनक, पारदर्शी और समय पर सेवा प्रदान की जाए।

शिविरों का आयोजन इस दिशा में अहम कदम होगा, जिससे अवैध कनेक्शनों की समस्या कम होगी और नागरिकों को उनके कनेक्शन वैध कराने में कोई कठिनाई नहीं होगी।
बैठक में कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान, एसडीओ अमित चौधरी, क्षेत्र एवं कर अधिकारी विकास कन्हैया, सुमन रतरा, सृष्टि बब्बर, दीपा पब्बी, अशोक कुमार और सभी जोन के इंस्पेक्टर मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.