पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा ने बांटे 5 लाख शीतकालीन फूलों के पौधे  

फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद द्वारा बुधवार आज सेक्टर-22 स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में शीतकालीन फूलों के पौधों का भव्य वितरण कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। पार्क पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। नगर निगम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित आम जनता को लगभग 5 लाख शीतकालीन फूलों के पौधे वितरित किए गए। इन पौधों का उद्देश्य घरों के आंगन, पार्कों और सड़कों के डिवाइडरों पर रंग-बिरंगे फूल खिलाना है, जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण और भी सुंदर एवं स्वस्थ बना रहेगा।
मुख्य अतिथि पं. मूलचंद शर्मा ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे अपने घरों के आस-पास अधिक से अधिक पेड़-पौधे अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र को हरा-भरा बनाने में भी सहायक होगी। विधायक ने पुष्प पौधों के इस सफल कार्यक्रम के लिए नगर निगम के अधिकारियों को बधाई भी दी।
बता दें कि यह पूरा अभियान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों एवं निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। निगम द्वारा पूरे फरीदाबाद में 17 करोड़ से ज्यादा पौधे तैयार कराए गए हैं, जिन्हें जनता के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। शहरवासियों में इन पौधों को लेने और लगाने का उत्साह साफ नजर आ रहा है।
इस अवसर पर निगम के पार्षद रवि भगत, ज्ञानेंद्र, संगीता भारद्वाज, कार्यकारी अभियंता हरीश कुमार, एसडीओ विनोद सिंह, एसडीओ नवाब खान, जिला महामंत्री अनुराग गर्ग, कुलदीप मथारू सहित भाजपा पदाधिकारी और सेक्टर के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.