गार्ड को बंधक बनाकर 21 क्विंटल कॉपर लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 25 लाख का माल बरामद

फरीदाबाद। अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने सेक्टर 24 स्थित एक कंपनी से लगभग 2110 किलोग्राम कॉपर और एक पिकअप गाड़ी की सनसनीखेज लूट के मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि, यह घटना 23/24 नवंबर की रात को हुई थी। 5-6 अज्ञात व्यक्तियों ने सेक्टर-24 स्थित त्रिकूटा मेटल्स प्लांट में चौकीदार को बंधक बनाकर करीब 2000 किलोग्राम तांबा, एक पिकअप गाड़ी और दो एलईडी टीवी लूट लिए थे। कंपनी के मालिक जतिन चोपड़ा की शिकायत पर थाना मुजेसर में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त संदीप सुमन (42) और सूरज (39) निवासी मुंदेरी, मुंगेर (बिहार) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से उस वक्त काबू किया गया, जब वे बिहार भागने की फिराक में थे। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संदीप सुमन ही इस लूट का सूत्रधार है। वह छह महीने पहले इसी कंपनी में काम करता था, लेकिन पैसों की जरूरत के चलते उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। संदीप सुमन पर पूर्व में बिहार में एक हत्या का मामला भी दर्ज है और वह जेल जा चुका है। वहीं, आरोपी सूरज उसके गांव का ही रहने वाला है और काम की तलाश में फरीदाबाद आया था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया 2110 किलोग्राम तांबा, दो एलईडी टीवी और एक पिकअप गाड़ी बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये है। दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि उनसे विस्तृत पूछताछ की जा सके और लूट में शामिल अन्य साथियों के बारे में जानकारी हासिल की जा सके।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.