मंत्री राजेश नागर ने बल्लभगढ़ स्टेशन पर ‘स्वदेशी अपनाओ’ अभियान को दिया बढ़ावा

बल्लभगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी अपनाओ और आत्मनिर्भर भारत अभियान को जमीनी स्तर पर गति देने के लिए हरियाणा के खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेश नागर शनिवार आज बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पहुँचे। यहाँ उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर आम लोगों से मुलाकात की और उन्हें देश में बने सामानों को प्राथमिकता से खरीदने की अपील की।

मंत्री राजेश नागर और पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्टेशन परिसर में लोगों को जागरूक करने के लिए स्वदेशी अपनाओ के स्टिकर भी लगाए, ताकि यात्री और नागरिक भारतीय वस्तुओं को अपनाने के लिए प्रेरित हों। मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री की इच्छा है कि देश 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बने। इसके लिए यह आवश्यक है कि हर नागरिक स्वदेशी सामान का इस्तेमाल करे और विदेशी चीजों पर निर्भरता को कम करे।

उन्होंने बताया कि यह अभियान पूरे हरियाणा में जोर-शोर से चलाया जा रहा है। भाजपा के कार्यकर्ता हर जिले और विधानसभा क्षेत्र में लोगों को समझा रहे हैं कि स्वदेशी अपनाकर ही देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सकता है। मंत्री ने यह भी घोषणा की कि जल्द ही राज्य में स्वदेशी दुकानों की शुरुआत की जाएगी, जहां केवल भारतीय उत्पाद ही उपलब्ध होंगे।

इस दौरान, मंत्री राजेश नागर ने रोहतक में खेल मैदान में एक खिलाड़ी की हुई मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने घटना के तुरंत बाद आवश्यक कार्रवाई की है। साथ ही, उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में बने स्टेडियमों और अन्य खेल सुविधाओं की पूरी तरह से जांच करें, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाएँ दोबारा न हों और खिलाड़ियों को बेहतर एवं सुरक्षित व्यवस्था मिल सकें।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.