BIS फरीदाबाद ने नारनौल में स्वर्णकार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया

भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) फरीदाबाद शाखा कार्यालय द्वारा गुरुवार को महेन्द्रगढ़ जिले के सभी स्वर्णकारों, सर्राफ़ों और कारीगरों के लिए नारनौल शहर में एक “स्वर्णकार जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त निदेशक एवं वैज्ञानिक-डी श्री राहुल वर्मा ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में उप-निदेशक एवं होलमार्किंग समन्वयक श्री अर्णब सामुई ने उपस्थित स्वर्णकारों को संबोधित किया।

श्री राहुल वर्मा ने अपने संबोधन में सभी ज्वैलर्स को BIS की विभिन्न गतिविधियों एवं हॉलमार्किंग केंद्रों की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। इसके पश्चात् श्री अर्णब सामुई ने PPT प्रस्तुति के माध्यम से सरल एवं प्रभावी शब्दों में भारतीय मानक ब्यूरो की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि अब गोल्ड हॉलमार्किंग स्कीम में 9 कैरेट को भी शामिल कर लिया गया है। इस प्रकार अब 9, 14, 18, 20, 22, 23 और 24 कैरेट के सोने के आभूषणों की हॉलमार्किंग संभव है। साथ ही उन्होंने चाँदी के आभूषणों, बुलियन और सिक्कों की नई हॉलमार्किंग व्यवस्था की भी जानकारी दी।

श्री सामुई ने हॉलमार्क यूनिक आईडी (HUID) की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया और ज्वैलर्स से आग्रह किया कि वे BIS Care App डाउनलोड कर ग्राहकों को आभूषणों की HUID जाँचने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने यह भी बताया कि जो दुकानदार निर्धारित मानकों के अनुरूप हॉलमार्किंग नियमों का पालन नहीं करते, उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

हॉलमार्किंग प्रतिनिधि श्री संदीप कुमार ने भी उपस्थित श्रोताओं को संबोधित करते हुए सैंपल लेने की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान ज्वैलर्स ने अपने प्रश्न रखे, जिनका उत्तर श्री राहुल वर्मा व श्री सामुई ने संतोषजनक रूप से दिया।

उपस्थित स्वर्णकारों ने हॉलमार्किंग योजना का स्वागत करते हुए इसे पूरे देश में अनिवार्य रूप से लागू करने की मांग की।

कार्यक्रम के अंत में श्री राहुल वर्मा और श्री अर्णब सामुई ने सभी स्वर्णकारों का धन्यवाद किया, उनके सुझावों एवं समस्याओं को सुना तथा उन्हें अपने उच्च अधिकारियों तक पहुँचाने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर महेन्द्रगढ़ जिले के अनेक स्वर्णकारों, सर्राफ़ों और कारीगरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.