जे.सी. बोस विश्वविद्यालय में एआईसीटीई-वाणी कार्यशाला का सफल समापन

फरीदाबाद। जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के कंप्यूटर इंजीनियरिंग विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय एआईसीटीई-वाणी प्रायोजित राष्ट्रीय कार्यशाला स्मार्ट शहरों एवं बुद्धिमान गतिशीलता में तकनीकी नवाचार का सफल समापन हो गया। यह कार्यशाला हिंदी माध्यम में संचालित हुई। समापन समारोह में डॉ. शिव कुमार (महानिदेशक, आईटीडी-इंडिया) मुख्य अतिथि, और डॉ. अतुल राय (सीनियर जनरल मैनेजर, आईटीएस इंडिया फोरम) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर डीन प्रो. मंजीत सिंह और विभागाध्यक्ष प्रो. आशुतोष दीक्षित सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।
कार्यशाला समन्वयक डॉ. परुल तोमर ने बताया कि कार्यशाला में पाँच राज्यों से 62 प्रतिभागियों ने उत्साहजनक भागीदारी की, जिनमें फैकल्टी सदस्य, शोधार्थी तथा स्नातकोत्तर छात्र शामिल थे। उन्होंने सभी सत्रों के प्रमुख बिंदुओं और तकनीकी थीम का संक्षिप्त सार प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि डॉ. शिव कुमार ने वर्तमान चुनौतियों, जैसे यातायात भीड़ और प्रदूषण, का जिक्र करते हुए कहा कि स्मार्ट सिटी कोई विकल्प नहीं, अपितु अनिवार्यता है और इंटेलिजेंट मोबिलिटी इसका मूल आधार है। उन्होंने आईओटी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डेटा एनालिटिक्स और सेंसर नेटवर्क जैसी प्रौद्योगिकियों की स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन और कुशल सार्वजनिक परिवहन में निर्णायक भूमिका पर बल दिया। विशिष्ट अतिथि डॉ. अतुल राय ने एआईसीटीई की वाणी योजना के तहत ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहन देने की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी, सुशासन तथा नागरिक भागीदारी का संयोजन ही सुरक्षित, स्वच्छ और नागरिक-केंद्रित शहर बना सकता है। प्रतिभागियों ने हिंदी में तकनीकी चर्चा के अवसर और उत्कृष्ट समन्वय की प्रशंसा की। कार्यशाला की सह-समन्वयक डॉ. अश्लेषा गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.