राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे, देशभर में सालाना स्मरण उत्सव 7 नवंबर से शुरू

फरीदाबाद में ‘वंदे मातरम’ स्मरणोत्सव हेतु डीसी ने दिए सख्त निर्देश

फरीदाबाद। भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में पूरे देश में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्मरणोत्सव का शुभारंभ 7 नवंबर 2025 से होगा और यह साल भर विभिन्न चरणों में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम चार चरणों में आयोजित होंगे। पहला चरण 7-14 नवंबर 2025, दूसरा 26 जनवरी 2026 (गणतंत्र दिवस के आसपास), तीसरा 7-15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा कार्यक्रम के साथ), और चौथा चरण 1-7 नवंबर 2026 (समापन सप्ताह)। 7 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के आईजी स्टेडियम में राष्ट्रीय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे और सुबह 10 बजे से देशभर में सामूहिक वंदे मातरम गायन का आयोजन होगा। जिला प्रशासन ने फरीदाबाद में वंदे मातरम स्मरण उत्सव के आयोजन की तैयारियां तेज कर दी हैं।
उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने बुधवार को सभी जिला अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि जिला स्तर और उपमंडल स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की पूरी तैयारी समय पर की जाए। उन्होंने कहा कि उत्सव का उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्रगीत के महत्व को समझाना और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना है।

बैठक से पूर्व हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को सुनिश्चित करना होगा कि 7 नवंबर के कार्यक्रम राष्ट्रीय कार्यक्रम के अनुरूप हों और सामूहिक गायन उच्च स्तर पर आयोजित किया जाए।
डीसी विक्रम सिंह ने कहा कि वंदे मातरम भारत की अस्मिता और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। बंगाली लेखक और महान कवि बंकिम चंद्र चटर्जी द्वारा रचित यह गीत स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशभक्तों और क्रांतिकारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा। उन्होंने कहा कि 150वीं वर्षगांठ हर भारतीय के लिए प्रेरणादायक है और यह भारत के स्वाभिमान व रचयिता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करती है।

हरियाणा सरकार की ओर से प्रदेश भर में स्मरण उत्सव आयोजित किया जाएगा। राज्य स्तरीय मुख्य समारोह 7 नवंबर को अंबाला में आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तर और उपमंडल स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। सरकारी कार्यालय, विद्यालय, कॉलेज, अस्पताल और पुलिस थाने में वंदे मातरम 150 एवं स्वदेशी संकल्प कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा प्रभात फेरी, रैली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं तथा शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। बैठक में एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.