दिवाली पर किडनी रोगी बरतें विशेष सावधानी : डॉ. जितेंद्र कुमार

फरीदाबाद। दिवाली के त्यौहार पर जहां हर कोई स्वादिष्ट व्यंजन और मिठाइयों का आनंद लेता है, वहीं किडनी रोगियों को इस दौरान विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर 86 स्थित एकॉर्ड अस्पताल के चेयरमैन एवं वरिष्ठ किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस मौसम में खानपान में लापरवाही किडनी पर अतिरिक्त दबाव डाल सकती है, जिससे स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। उन्होंने कहा कि किडनी मरीजों को नमक, मिठाइयों और तले हुए खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित रखना चाहिए। इन खाद्य पदार्थों में मौजूद सोडियम और चीनी की अधिक मात्रा शरीर में पानी की रिटेंशन बढ़ाती है और ब्लड प्रेशर को असंतुलित करती है। इससे किडनी पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। डॉ. जितेंद्र ने यह भी कहा कि ऐसे मरीजों को पटाखों के धुएं और प्रदूषण से भी बचना चाहिए, क्योंकि इससे सांस लेने में कठिनाई और ऑक्सीजन लेवल में कमी हो सकती है। साथ ही, उन्हें पर्याप्त पानी पीना चाहिए, लेकिन डॉक्टर की सलाह के अनुसार, क्योंकि कई बार अत्यधिक पानी का सेवन भी नुकसानदेह हो सकता है। उन्होंने सलाह दी कि त्योहारों में अपने खानपान की प्लानिंग पहले से करें, घर पर बनी हेल्दी मिठाइयों का सेवन करें और नियमित दवाइयों व डायलिसिस का समय न छोड़ें। डॉ. जितेंद्र ने कहा कि त्योहारों का आनंद स्वास्थ्य के साथ ही संभव है। थोड़ी सावधानी और अनुशासन से किडनी मरीज भी दिवाली को सुरक्षित और खुशहाल बना सकते हैं।

 

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.