पेड़ लगाना प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और हरित भविष्य की जिम्मेदारी : कृष्णपाल गुर्जर

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत में सघन वन कार्यक्रम आयोजित, केंद्रीय मंत्री ने किया पौधारोपण

फरीदाबाद। हरियाली को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आज सेक्टर-59, फरीदाबाद स्थित नेशनल हाईवे की ग्रीनबेल्ट पर एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत सघन पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने स्वयं पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के महत्व पर बल दिया। उनके साथ बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा ने भी पौधारोपण करते हुए अभियान में सहभागिता दर्ज कराई। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष मानव जीवन की आधारशिला हैं, जो हमें शुद्ध वायु, स्वच्छ जल और संतुलित पर्यावरण प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना केवल एक कार्य नहीं बल्कि प्रकृति और धरती माँ के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकार या किसी संस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार अपने आसपास एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो आने वाले समय में हमारा समाज और अधिक हरा-भरा एवं स्वच्छ बनेगा। श्री गुर्जर ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे पौधारोपण को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और दूसरों को भी इस दिशा में प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि प्रकृति से जुड़ाव ही हमारे जीवन को स्वस्थ, संतुलित और दीर्घकालिक बनाता है, और यही आने वाली पीढिय़ों के लिए सबसे बड़ा उपहार है। इस अवसर पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की प्रशासक अनुपमा अंजलि, एस्टेट ऑफिसर नवीन कुमार, एस.ई. संदीप दहिया, विभागीय अधिकारीगण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पौधारोपण करते हुए स्वच्छ, हरित और सतत पर्यावरण के निर्माण का संकल्प लिया।

 

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.