कार का शीशा तोडक़र 12 लाख रुपए की नगदी चुराई

फरीदाबाद।  सेक्टर 24 में कंपनी के बाहर खड़ी गाड़ी का शीशा तोडक़र बदमाश पैसों से भरा बैग चोरी कर ले गए। बैग में 12 लाख रूपए कैश रखे हुए थे, शीशा तोडक़र बैग को चोरी करने की वारदात बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस की चार टीमें आरोपियों की तलाश कर रही है। फरीदाबाद के सेक्टर 17 के रहने वाले विकास ने जानकारी देते हुए बताया कि, सेक्टर 24 के प्लाट नंबर 167 में केडी इंडस्ट्रीज के नाम से कंपनी खोली हुई है। जिसमें शर्ट बटन बनाने का काम किया जाता है। यहां पर वह अपने पार्टनर राहुल के साथ काम करते है। राहुल नहर पार सेक्टर 89 का रहने वाला है। शुक्रवार को उसका पार्टनर राहुल 12 लाख रुपए नगद लेकर कंपनी पर पहुंचा था। राहुल ने कंपनी के बाहर गाड़ी को खड़ी कर दिया।

कुछ ही देर बाद बाइक पर दो युवक आए दोनों ने हैलमेट पहना हुआ था। जिनमें से एक युवक आया और नुकीले हथियार की मदद से गाड़ी के शीशे को तोड़ दिया और पैसों से भरे बैग को चोरी कर बाइक पर बैठकर अपने साथी के साथ फरार हो गया। विकास ने बताया कि राहुल को बाथरूम का प्रेशर काफी तेज था। जिसके चलते वह पहले बाथरूम करने के लिए गाड़ी में ही बैग को छोडक़र आ गया। लेकिन उसके वापस जाने से पहले ही बदमाश चोरी की वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार राहुल 7 लाख रूपए बैंक से निकालकर लाया था जबकि 5 लाख रुपए उसके पास घर पर कैश रखे थे, कुल 12 लाख रुपए लेकर वह कंपनी पहुंचा था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि, चोरी करने वाले आरोपियों की पकड़ के लिए पुलिस की चार टीमें बनाई गई है। मामले की सुचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों की तलाश कि जा रही है। ऐसा माना जा रहा है कि बैंक से आरोपी राहुल की गाड़ी का पीछा कर रहे थे। कंपनी के बाहर जैसे ही उनको मौका मिला वो बैग को लेकर फरार हो गई। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव , क्राइम ब्रांच 48, क्राइम ब्रांच 56 और थाना मुजेसर की टीम आरोपियों की तलाश कर रही है।

 

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.