इंटर-स्कूल सडक़ सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 2025-26 का सफल आयोजन

फरीदाबाद। पुलिस महानिदेशक हरियाणा तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (हाईवे) करनाल के आदेशानुसार, पुलिस आयुक्त श्री सत्येंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं डीसीपी ट्रैफिक श्री जयवीर राठी के निर्देशन में दिनांक 15 अक्टूबर 2025 को जिलेभर में इंटर-स्कूल सडक़ सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 2025-26 का सफल आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता जिले के 1581 शिक्षण संस्थानों में एक साथ आयोजित की गई, जिनमें 377 सरकारी स्कूल, 1180 निजी स्कूल तथा 24 कॉलेज/शैक्षणिक संस्थान शामिल थे। प्रतियोगिता में कुल 4,39,173 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यह प्रतियोगिता सभी शिक्षण संस्थानों में सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक एक समान प्रश्नपत्र के माध्यम से संपन्न कराई गई। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों ने अत्यंत जोश, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ भाग लिया तथा सडक़ सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रश्न पत्र में ट्रैफिक नियमों की जानकारी, यातायात संकेतों की पहचान, सडक़ पर सावधानी, वाहन संचालन के दौरान सुरक्षा उपाय तथा जिम्मेदार नागरिकता जैसे विषय शामिल थे। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सडक़ सुरक्षा के प्रति व्यवहारिक समझ विकसित करना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और भविष्य में सुरक्षित ड्राइविंग आदतों को बढ़ावा देना है।

यह कार्यक्रम वर्ष 2013-14 से निरंतर रूप से आयोजित किया जा रहा है और प्रत्येक वर्ष विद्यार्थियों की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है। वर्ष 2024-25 में जिले के लगभग 2,82,428 छात्र-छात्राओं ने इसमें भाग लिया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढक़र 4,39,173 तक पहुँच गई है, जो इस अभियान की सफलता और जन-जागरूकता में वृद्धि को दर्शाती है। यह उपलब्धि फरीदाबाद को सडक़ सुरक्षा शिक्षा और जन-जागरूकता के क्षेत्र में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल करती है। एसीपी ट्रैफिक ने बताया कि सडक़ सुरक्षा शिक्षा का उद्देश्य बच्चों में प्रारंभिक स्तर से ही ट्रैफिक नियमों के प्रति अनुशासन और जागरूकता की भावना विकसित करना है ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज में उदाहरण प्रस्तुत कर सकें। फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने इस महा अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी स्कूल प्रिंसिपलों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। जिसका उद्देश्य सडक़ सुरक्षा को जन- आंदोलन का रूप देना है

 

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.