103 किलो पटाखे बरामद, अवैध रूप से बेचने वाले दो लोग गिरफ्तार

फरीदाबाद। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 103 किलोग्राम पटाखे बरामद कर अवैध रूप से पटाखे बेचने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच और थाना ओल्ड पुलिस की टीम ने ये कार्रवाई की है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम को सूचना मिली थी कि बल्लभगढ़ मार्किट में अवैध रूप से पटाखे बेचे जा रहे है। क्राइम ब्रांच टीम ने मौके पर जाकर छापेमारी की। टीम ने अपनी छापेमारी के दौरान प्रवीण (44) को 76 किलो पटाखों के साथ गिरफ्तार किया है। प्रवीण बल्लभगढ़ का ही रहने वाला है। दूसरे मामले में थाना ओल्ड की टीम ने सूचना पर बसेलवा कालोनी में छापेमारी की। जहां पर पुलिस को छापेमारी के दौरान एक घर के अंदर से 26 किलो पटाखे बरामद किए है। पुलिस ने यहां से राहुल (20) को गिरफ्तार किया है। राहुल बसेलवा कालोनी का रहने वाला है। दोनों ही बाहर से पटाखे खरीदकर बेचने के लिए लेकर आए थे। दोनों के पास पटाखे बेचने का कोई लाइसेंस नही था। दोनों अवैध रूप से पटाखे बेच रहे थे। शहर में अवैध रूप से पटाखे बेचने वालों पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। शहर में पटाखे बेचने पर पूरी तरह से प्रशासन के द्वारा रोक लगाई गई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पुलिस बाजारों में लगातार अभियान चला रही है।

 

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.