गुरुग्राम में जिला स्तरीय बाल महोत्सव-2025 का शुभारंभ
पहले दिन पोस्टर मेकिंग, ग्रुप डांस, सोलो सॉन्ग व रंगोली प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा - 14 से 18 अक्टूबर तक होगा महोत्सव, बच्चों को मिलेगा अपनी प्रतिभा निखारने का मंच
गुरुग्राम: जिला बाल कल्याण परिषद, गुरुग्राम के तत्वाधान में तथा हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद, चंडीगढ़ के दिशा-निर्देशानुसार पांच दिवसीय जिला स्तरीय बाल महोत्सव-2025 का आज सिविल लाइन्स स्थित जॉन हॉल में शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि मानद महासचिव, हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद, चंडीगढ़ सुषमा गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर डीसी अजय कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव की अध्यक्षता कमलेश शास्त्री, मंडल बाल कल्याण अधिकारी, गुरुग्राम ने की।
जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा हूड्डा ने बताया कि यह महोत्सव 14 से 18 अक्टूबर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के बच्चे विविध प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। पहले दिन बच्चों ने पोस्टर मेकिंग, ग्रुप डांस, सोलो क्लासिकल डांस, सोलो सॉन्ग और रंगोली प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
मुख्य अतिथि सुषमा गुप्ता ने प्रतिभागी बच्चों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने निर्णायक मंडल के सदस्यों सराबनी, नरेंद्र, मोंटी शर्मा, उमा, सैलेंद्र, डॉ. संदीप मैहरा, दीपक, महिमा, प्रीती सैनी और सुनीता रानी को सम्मानित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षिका एकता ने किया।
सुरेखा हूड्डा ने बताया कि आगामी दिनों में चित्रकला, भाषण, निबंध लेखन, सांस्कृतिक नृत्य, नाटक और अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का उद्देश्य बच्चों को एक ऐसा मंच प्रदान करना है जहाँ वे अपनी शैक्षणिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक क्षमताओं का प्रदर्शन कर सकें।
इस अवसर पर बाल गृह के बच्चे, जिला बाल कल्याण परिषद, गुरुग्राम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Beta feature
Beta feature
Beta feature
Beta feature
Beta feature
Beta feature
Beta feature
Beta feature
Beta feature
