इनेलो नेता पर छोटे भाई का जानलेवा हमला, पत्नी भी घायल

फरीदाबाद। इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश उपाध्यक्ष पोरस डागर पर उनके ही छोटे भाई अजीत डागर ने रविवार सुबह जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पोरस डागर और उनकी पत्नी भावना डागर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना फरीदाबाद के झाड़सेतली गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9 बजे पोरस डागर अपने घर पर पूजा कर रहे थे। तभी उनके छोटे भाई अजीत डागर अपनी कार में करीब 8 से 10 लोगों के साथ उनके घर के बाहर पहुंचा और कहासुनी के बाद हमला कर दिया। हालांकि, मामले में पुलिस को किसी ने शिकायत नहीं की है।

दरअसल, पोरस डागर का भाई उनके घर के बाहर खड़े होकर तेज आवाज में चिल्लाने और गाली-गलौज करने लगा। आवाज सुनकर पोरस डागर की पत्नी भावना बाहर आईं, तो अजीत ने उनके साथ अभद्र भाषा में बात करनी शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर पोरस नीचे आए और दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अजीत कार की तरफ गया और वहां से एक हथौड़ा लेकर वापस आया। उसने पोरस पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और पैरों में गंभीर चोटें आईं। साथ ही, अजीत के साथ आए कुछ लोगों ने पोरस की पत्नी भावना के साथ मारपीट की। बताया गया कि दोनों भाइयों के घर एक-दूसरे से मात्र 50 से 100 मीटर की दूरी पर हैं। पोरस डागर ने बताया कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अजीत ने इस तरह का हमला क्यों किया। परिवार में किसी तरह का झगड़ा या विवाद नहीं था। उन्होंने कहा कि अगस्त में उनके बीच वाले भाई की ब्रेन हैमरेज से मौत हो गई थी, लेकिन इसके बाद भी सबसे छोटे भाई ने हमला क्यों किया, यह किसी को नहीं पता।

पोरस ने बताया कि घटना के दौरान सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई है, जिसमें अजीत और उसके साथी हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। सेक्टर-58 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि झारसेतली गांव निवासी ढ्ढहृरुष्ठ नेता पोरस डागर का अपने भाई अजीत के साथ झगड़ा हुआ था, जिसमें पोरस और उनकी पत्नी घायल हुए हैं। दोनों का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल घायलों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पारिवारिक या प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई शिकायत दर्ज होने के बाद की जाएगी।

 

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.