बल्लभगढ़ कॉलेज में अश्लील डांस पर भडक़े पेरेंट्स, प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग

फरीदाबाद। बल्लभगढ़ के अग्रवाल कॉलेज में हाल ही में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान अश्लील डांस की घटना से अभिभावकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि कॉलेज जैसे शिक्षा के स्थान पर इस तरह के कार्यक्रम होना बिल्कुल गलत है। उनका मानना है कि इस तरह की प्रस्तुतियां बच्चों और युवाओं पर नकारात्मक असर डाल सकती हैं। अभिभावकों और सामाजिक संगठनों ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उनकी बेटियां और बहनें इस कॉलेज में पढ़ती हैं और उन्हें अश्लील और अनुचित कार्यक्रमों से दूर रखना चाहिए। लोगों ने यह भी कहा कि अगर कॉलेज में इस तरह की गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो इससे छात्रों की मानसिकता पर बुरा असर पड़ेगा। इस मामले के विरोध में स्थानीय लोग शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से चेतावनी दी कि यदि सात दिन के भीतर कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। स्थानीय अजय भाटी और सामाजिक संगठन से संदीप चौधरी का कहना है कि जहां सरकार भारतीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने की बात करती है, वहीं कॉलेज में विदेशी संस्कृति के नाम पर इस तरह के अश्लील कार्यक्रम कराए जा रहे हैं, जो बिल्कुल गलत है। उन्होंने प्रशासन और शिक्षा विभाग से जल्द सुधारात्मक कदम उठाने और कॉलेज में इस तरह के कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग की। अभिभावक और सामाजिक संगठन इस घटना को गंभीर मानते हुए चाहते हैं कि कॉलेज प्रबंधन अपने कार्यक्रमों में जिम्मेदारी से काम करे और छात्रों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करे।

 

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.