महर्षि वाल्मीकि ने भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर को किया समृद्ध : राजेश नागर

महर्षि वाल्मीकि जयंती पर फरीदाबाद में हुआ भव्य जिला स्तरीय समारोह का आयोजन

फरीदाबाद। जिला प्रशासन व सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा की ओर से महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर मंगलवार को फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित एचएसवीपी कन्वेंशन हॉल में हरियाणा सरकार की संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार में खाद्य, नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले तथा माइनिंग एवं स्टेशनरी राज्य मंत्री राजेश नागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।  मुख्य अतिथि राजेश नागर ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित और पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। समारोह में पहुंचने पर सूचना, जनसंपर्क विभाग की ओर से जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी दिनेश कुमार ने अतिथिगण का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर स्वच्छता योद्धाओं को सम्मानित भी किया गया।

राज्य मंत्री राजेश नागर ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरे देश और हरियाणा प्रदेश में महर्षि वाल्मीकि की जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह दिन रामायण के रचयिता और संस्कृत साहित्य के आदि कवि महर्षि वाल्मीकि के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है, जिन्होंने भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर को समृद्ध किया। महर्षि वाल्मीकि जी ने मानवता, समानता और धर्म के पथ पर चलने की प्रेरणा दी। वे ज्ञान, सत्य और न्याय के प्रतीक थे। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग को यह संदेश दिया कि मेहनत, ईमानदारी और शिक्षा के बल पर जीवन में ऊंचाइयां प्राप्त की जा सकती हैं। राज्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार द्वारा संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना चलाई जा रही है।

इस परंपरा के शुरू होने से सामाजिक समरसता और महान संतों की गौरव गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का सफल प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने समाज के महापुरुषों को याद नहीं करेंगे तो हमारी सभ्यता के महत्वपूर्ण पहलू इतिहास के पन्नों में सिमट कर रह जाएंगे। इसलिए सरकार की ओर से धन्ना भगत, कबीर दास जी, महात्मा ज्योतिबा फुले, संत रविदास आदि महापुरुषों की याद में उनकी जयंती पर राज्य व जिला स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करवाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने रामायण प्रसंग और महर्षि वाल्मीकि जीवन गाथा पर आधारित वक्तव्य दिए। समारोह में बल्लभगढ़ से भाजपा जिलाध्यक्ष सोहनपाल छोक्कर, पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार बोहरा, जिला कल्याण अधिकारी ममता शर्मा, जिला बाल कल्याण अधिकारी पिंकी मोर, लेखाकार हिना विरमानी सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.