मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की नई पहल से बढ़ेगी पारदर्शिता: धनेश अदलखा
व्हाट्सएप चैटबॉट और डिमार्केशन प्रणाली से जनता को समयबद्ध सेवाएं मिलेंगी
मुख्यमंत्री ने आमजन के लिए लांच की चार डिजिटल सेवाएं :
हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मुख्य आतिथ्य में जिला कुरुक्षेत्र के गांव बाबैन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का लाइव टेलीकास्ट भी दिखाया गया। मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय समारोह में आमजन की सुविधा के लिए पेपरलेस रजिस्ट्रेशन, डिमार्केशन, व्हाट्सएप चैटबॉट एवं रेवेन्यू कोर्ट मॉनिटरिंग प्रणाली का रिमोट बटन दबाकर शुभारंभ किया और जनता को इनके फायदें बताएं।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की नई पहल से बढ़ेगी पारदर्शिता :
बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने कहा कि हरियाणा सरकार ने आज प्रदेशवासियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण डिजिटल सेवाओं की शुरुआत की है। इनमें पेपरलेस रजिस्ट्रेशन, डिमार्केशन, व्हाट्सएप चैटबॉट और रेवेन्यू कोर्ट मॉनिटरिंग प्रणाली शामिल हैं। इन पहलों का मुख्य उद्देश्य शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-हितैषी बनाना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा लागू की गई इन योजनाओं से न केवल कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी बल्कि नागरिकों को समयबद्ध तरीके से सेवाएं उपलब्ध कराना भी संभव हो सकेगा। डिजिटल माध्यम से रजिस्ट्रेशन और डिमार्केशन जैसी प्रक्रियाएं अब आसान और सरल होंगी।
वहीं, व्हाट्सएप चैटबॉट जैसी सेवा आमजन को सीधे जानकारी उपलब्ध कराएगी और रेवेन्यू कोर्ट मॉनिटरिंग प्रणाली न्यायिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता एवं तेजी लाएगी।
विधायक अदलखा ने कहा कि पारदर्शी सुशासन का आशय ऐसे शासन से है, जिसमें नीतियां, निर्णय और सरकारी जानकारी सभी नागरिकों के लिए सरल, सुलभ और समझने योग्य हों। जब निर्णय लेने की प्रक्रिया खुली और पारदर्शी होगी, तो जवाबदेही स्वतः बढ़ेगी, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा और जनता का विश्वास शासन में और मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन और सेवा पारदर्शिता की दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रही है। इन नई पहलों से नागरिक सहभागिता को भी प्रोत्साहन मिलेगा और सरकारी सेवाओं तक लोगों की पहुंच पहले से कहीं अधिक आसान और तेज होगी।
इस अवसर पर उपायुक्त विक्रम सिंह, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम अमित कुमार, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार, सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
